सरकारी स्कूलों पर बढ़ा अभिभावकों का भरोसा: नरसिंहपुर जिले में 53.46% विद्यार्थियों ने चुने शासकीय विद्यालय, निजी स्कूलों में साईंखेड़ा अव्वल

 


सरकारी स्कूलों पर बढ़ा अभिभावकों का भरोसा: नरसिंहपुर जिले में 53.46% विद्यार्थियों ने चुने शासकीय विद्यालय, निजी स्कूलों में साईंखेड़ा अव्वल

नरसिंहपुर। जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक सकारात्मक तस्वीर सामने आई है। शासकीय विद्यालयों में संसाधनों और व्यवस्थागत चुनौतियों के बावजूद इस शैक्षणिक सत्र में सरकारी स्कूलों की ओर अभिभावकों का रुझान बढ़ा है। शिक्षा विभाग के ताजा नामांकन आंकड़ों के अनुसार जिले में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक कुल 2,02,823 विद्यार्थियों का प्रवेश दर्ज किया गया है। इनमें 1,08,432 विद्यार्थी (53.46 प्रतिशत) शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत हैं, जबकि 94,391 विद्यार्थी (46.54 प्रतिशत) निजी विद्यालयों में नामांकित हुए हैं।

आंकड़े बताते हैं कि जिले में सरकारी स्कूलों का कुल नामांकन निजी स्कूलों से अधिक है, जो शासकीय शिक्षा व्यवस्था के प्रति बढ़ते विश्वास का संकेत माना जा रहा है।

सरकारी स्कूलों में नरसिंहपुर विकासखंड सबसे आगे

शिक्षा विभाग के अनुसार सरकारी विद्यालयों में नामांकन के मामले में नरसिंहपुर विकासखंड 23,393 विद्यार्थियों के साथ पहले स्थान पर है। इसके बाद गोटेगांव (19,975), चीचली (17,826), साईंखेड़ा (17,255), चांवरपाठा (15,699) और करेली (14,284) का स्थान है।

निजी स्कूलों में साईंखेड़ा का दबदबा

निजी विद्यालयों की बात करें तो साईंखेड़ा विकासखंड 22,483 विद्यार्थियों के साथ जिले में पहले स्थान पर है। इसके बाद करेली (16,350), नरसिंहपुर (15,699), गोटेगांव (14,696), चांवरपाठा (13,681) और चीचली (11,482) का स्थान है।

इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि नरसिंहपुर, गोटेगांव, चीचली और चांवरपाठा में सरकारी विद्यालयों का नामांकन निजी स्कूलों से अधिक है, जबकि साईंखेड़ा और करेली ऐसे विकासखंड हैं जहां निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या सरकारी स्कूलों से ज्यादा है।

कुल नामांकन में साईंखेड़ा पहले स्थान पर

यदि सरकारी और निजी विद्यालयों के संयुक्त नामांकन की बात करें तो साईंखेड़ा 39,738 विद्यार्थियों के साथ जिले में पहले स्थान पर है। इसके बाद नरसिंहपुर (39,092) और गोटेगांव (34,671) का स्थान है। वहीं चांवरपाठा और चीचली दोनों विकासखंडों में समान रूप से 29,380-29,380 विद्यार्थियों का कुल नामांकन दर्ज किया गया है।

फैक्ट फाइल

  • कुल नामांकन: 2,02,823

  • सरकारी स्कूल: 1,08,432 (53.46%)

  • निजी स्कूल: 94,391 (46.54%)

  • सरकारी स्कूलों में सबसे अधिक नामांकन: नरसिंहपुर (23,393)

  • निजी स्कूलों में सबसे अधिक नामांकन: साईंखेड़ा (22,483)

  • कुल नामांकन में अव्वल विकासखंड: साईंखेड़ा (39,738)

  • सरकारी स्कूलों में सबसे कम नामांकन: करेली (14,284)

  • निजी स्कूलों में सबसे कम नामांकन: चीचली (11,482)

डीपीसी बोले—सरकारी स्कूलों के प्रति बढ़ रहा भरोसा

जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) प्रदीप द्विवेदी ने बताया कि सरकारी विद्यालयों की नामांकन स्थिति निजी विद्यालयों की तुलना में बेहतर है। उन्होंने कहा कि अभी प्रवेश प्रक्रिया जारी है, इसलिए नामांकन में और वृद्धि की संभावना है। उनके अनुसार सरकारी स्कूलों के प्रति अभिभावकों का लगातार बढ़ता विश्वास शिक्षा व्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने