भोपाल/सागर। सागर जिले की बंडा तहसील के तीन गांवों में नकली शराब पीने से हुई मौतों के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सख्त निर्देश के बाद अब तक पांच अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है, जबकि एक अधिकारी को मुख्यालय अटैच किया गया है। ताजा कार्रवाई में बंडा थाना प्रभारी और गूगरा चौकी प्रभारी को भी निलंबित किया गया है।
यह मामला बंडा तहसील के गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन गांवों से जुड़ा है, जहां नकली शराब पीने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ी और कुछ लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
आबकारी विभाग के अधिकारियों पर पहले ही हो चुकी कार्रवाई
मुख्यमंत्री के निर्देश पर इससे पहले सागर की सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा वृत्त की आबकारी उप-निरीक्षक प्रोशनी उरेती को निलंबित किया गया था।
वहीं, उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को जिले से हटाकर ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है।
बंडा थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी भी निलंबित
मामले में पुलिस की भूमिका को लेकर भी कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बंडा थाना प्रभारी और गूगरा चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। इस तरह मामले में अब तक पांच अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है।
CM ने कहा- किसी दोषी को नहीं छोड़ेंगे
घटना के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा था कि इस घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने प्रभारी मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल जांच, राहत और उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से की मुलाकात
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित गांवों में पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के उपचार एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रशासन की ओर से मामले की जांच जारी है और नकली शराब के कारोबार से जुड़े लोगों तथा घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की संभावना है।
