बरमानकला में अवैध गैस सिलेंडर भंडारण पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 35 गैस सिलेंडर और 20 लीटर पेट्रोल जब्त

बरमानकला/करेली।नरसिंहपुर जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और ज्वलनशील पदार्थों की अनधिकृत बिक्री के खिलाफ खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशन में बरमानकला स्थित एक ऑटो पार्ट्स की दुकान पर छापामार कार्रवाई करते हुए 35 गैस सिलेंडर और 20 लीटर पेट्रोल जब्त किया गया। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान ऑटो पार्ट्स दुकान संचालक संदीप जैन के प्रतिष्ठान पर घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण पाया। जांच में 26 घरेलू गैस सिलेंडर (14 किलोग्राम), एक व्यावसायिक गैस सिलेंडर (19 किलोग्राम), सात गैस सिलेंडर (5 किलोग्राम) तथा एक गैस सिलेंडर (2 किलोग्राम) बरामद हुए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। निरीक्षण के दौरान दुकान में 20 लीटर पेट्रोल भी खुले रूप से बिक्री के उद्देश्य से रखा मिला। पेट्रोल को भी जब्त कर संबंधित नियमों के तहत अलग से प्रकरण दर्ज किया गया। यह कार्रवाई खाद्य विभाग के संयुक्त दल द्वारा की गई, जिसमें सहायक आपूर्ति अधिकारी आभा शर्मा, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी शंकर पटेल एवं रंजना सिंह शामिल रहीं। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, अनधिकृत गैस कारोबार तथा ज्वलनशील पदार्थों की अवैध बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने