मिशन शक्ति एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत जागरूकता शिविर सम्पन्न छात्राओं को माहवारी स्वच्छता की दी गई जानकारी



=====नरसिंहपुर केसरी 

नरसिंहपुर/मिशन शक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना एवं मिशन वात्सल्य (समेकित बाल संरक्षण योजना) के अंतर्गत कलेक्टर रजनी सिंह के मार्गदर्शन में शासकीय पीएम श्री एमएलबी कन्या विद्यालय नरसिंहपुर में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।


       कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के वार्षिक कैलेंडर के तहत माहवारी स्वच्छता विषय पर छात्राओं को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग नरसिंहपुर की विषय विशेषज्ञ काउंसलर श्रीमती मृदुला सोनी ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता एवं पोषण के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि 4 से 6 घंटे के अंतराल में सेनेटरी पैड बदलना, स्वच्छ पैड का उपयोग करना, अंडरगारमेंट्स को धूप में सुखाना, आयरन युक्त आहार लेना तथा उपयोग किए गए पैड का सुरक्षित निपटान करना आवश्यक है। साथ ही हाथों की स्वच्छता बनाए रखने एवं अधिक दर्द होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की भी सलाह दी गई।


       समिति के अध्यक्ष शिवकुमार रैकवार ने बालिकाओं को अपनी रुचि के अनुसार आउटडोर खेलों से जुड़ने और आत्मरक्षा प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया। बाल कल्याण समिति के सदस्य महेश नेमा ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी देते हुए बालिकाओं के महत्व और उनके सशक्तिकरण पर जोर दिया। राजेंद्र राजपूत ने बाल कल्याण समिति के कार्यों एवं बच्चों को प्रदान की जाने वाली सहायता के बारे में जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग की सहायक संचालक प्रांजलि मर्सकोले ने छात्राओं को बताया कि मासिक धर्म से जुड़ी समस्याओं पर संकोच न करें और आवश्यकता होने पर अभिभावकों या चिकित्सकों से खुलकर चर्चा करें। बाल संरक्षण अधिकारी सौनिध्य सराठे ने पॉक्सो एक्ट 2012 एवं किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए गुड टच और बैड टच के बारे में समझाया। उन्होंने पॉक्सो पीड़ितों को शासन द्वारा दी जाने वाली सहायता एवं सपोर्ट पर्सन की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत “एक पेड़ बेटी के नाम” अभियान अंतर्गत विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य गायत्री सोनी सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने