नरसिंहपुर केसरी। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित टाटा शोरूम में हुई डकैती के मामले में नरसिंहपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए खंडवा जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक वारदात में कुल 5-6 नकाबपोश बदमाश शामिल थे। आरोपियों ने शोरूम में तैनात गार्ड के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन लूट लिया था।
पुलिस के अनुसार 14 जुलाई की रात करीब 3:30 से 4 बजे के बीच बदमाशों ने टाटा शोरूम को निशाना बनाया था। घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने पीयूष जायसवाल (20) और कृष्णा जाधव (19), दोनों निवासी ग्राम अजंटी, जिला खंडवा, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी पीयूष जायसवाल के कब्जे से वारदात के दौरान लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है। मामले में बीएनएस की धारा 310(2) भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
चार फरार आरोपियों की तलाश
पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य चार आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध सुरागों के आधार पर फरार आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने की। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें खंडवा से गिरफ्तार किया।
