मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण अवसर- मंत्री श्री पटेल



हीरापुर-सांकल के बीच नर्मदा नदी और हिरन नदी पर पुल के टेंडर स्वीकृत

हितग्राहियों को हितलाभ वितरित कर किया लाभांवित

मंत्री श्री पटेल ग्राम हीरापुर में आयोजित जन संवाद शिविर में शामिल हुए

31 किसानों की बनी फार्मर आईडी, 48 लोगों का हुआ एक्स-रे





राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण व श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जनपद पंचायत नरसिंहपुर की ग्राम पंचायत हीरापुर में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान नागरिकों के लिए अपनी व्यक्तिगत और गांव से जुड़ी समस्याओं को सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस दौरान ग्रामीण अपनी समस्याओं के साथ-साथ पात्रतानुसार शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी आवेदन करें। यह ऐसा अवसर है, जहां नागरिकों की समस्याओं का सुविधाजनक एवं त्वरित समाधान किया जा सकता है और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा सकता है।

हीरापुर-सांकल के बीच नर्मदा नदी पर बनेगा पुल

कैबिनेट मंत्री श्री पटेल ने कहा कि राजा हिरदेशाह की जन्मभूमि व कर्मभूमि को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि हीरापुर से उनका गहरा रिश्ता है। हीरापुर से जुड़ी अपनी स्मृतियां भी साझा की। उन्होंने बताया कि ग्राम सांकल और ग्राम हीरापुर के बीच नर्मदा नदी पर करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण का टेंडर स्वीकृत हो गया है। इसमें हीरापुर का पुराना रास्ता भी शामिल है, जो मुख्य मार्ग से जुड़ेगा। इसी प्रकार ग्राम हीरापुर के समीप हिरन नदी पर करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल का टेंडर भी स्वीकृत हो गया है। इन दोनों महत्वपूर्ण पुलों के 2 सालों में निर्माण कार्य पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों के आवागमन में सुविधा होगी।


भूमि अधिग्रहण पर किसानों को मिलेगा गाइडलाइन का चार गुना मुआवजा

 कैबिनेट मंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में भूमि अधिग्रहण अधिनियम, 2015 के नियमों में संशोधन किया है। अब ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण होने पर किसानों को गाइडलाइन के चार गुना तक मुआवजा मिल सकेगा।

पात्र श्रमिक भवन संनिर्माण कर्मकार मंडल का कार्ड बनवाएं

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने वाले श्रमिक एवं मिस्त्री तथा मनरेगा में कार्य करने वाली पात्र श्रमिक श्रेणियों के लोगों का भी भवन संनिर्माण कर्मकार मंडल का कार्ड बनाया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से इसके लिए आवेदन करने का आग्रह किया।

उन्होंने सरपंच एवं पंचायत सचिव से कहा कि गांव के पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उनके भवन संनिर्माण कर्मकार मंडल के कार्ड बनवाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस कार्ड के माध्यम से हितग्राहियों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकता है। बीमारी, पेंशन, बच्चों की पढ़ाई सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। कार्डधारी श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति सहित अन्य लाभ भी मिलते हैं।

मंत्री श्री पटेल ने बताया कि जिले के भवन संनिर्माण कर्मकार मंडल परिवार के एक विद्यार्थी का विदेश में अध्ययन के लिए चयन हुआ है, जिसके अध्ययन का खर्च लगभग 7 करोड़ रुपये श्रम मंत्रालय द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे जागरूक बनें और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार उनका लाभ जरूर लें।

नर्मदा तट पर पौधरोपण कर आने वाली पीढ़ी के लिए सुरक्षित करें पर्यावरण

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हमें अपनी आने वाली पीढ़ी के भविष्य के बारे में गंभीरता से विचार करना चाहिए। बच्चों को बुरी आदतों से दूर रखने के साथ उन्हें स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण देना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हम नर्मदा जी से सिंचाई सहित अनेक सुविधाओं के लिए जल लेते हैं, इसलिए हमारी आस्था के साथ नर्मदा नदी के संरक्षण की जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने ग्रामीणों से नर्मदा नदी के किनारे पौधरोपण करने का आव्हान करते हुए कहा कि नर्मदा नदी से लगी शासकीय भूमि पर भी अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं। नर्मदा तट पर परिक्रमावासियों की सुविधा के लिए भी आवश्यक कार्य किए जाएं, ताकि उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो।

अवैध शराब और नशे के विरुद्ध ग्रामीण एकजुट होकर करें कार्रवाई

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि यदि गांव के नागरिक एकजुट होकर प्रयास करें, तो नशे जैसी बुराइयों को गांव में प्रवेश करने से रोका जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से परिश्रम एवं श्रम को जीवन का हिस्सा बनाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रम करते रहने से शरीर स्वस्थ रहता है और हम स्वयं के साथ-साथ दूसरों की भी मदद करने में सक्षम बनते हैं।

मंत्री श्री पटेल ने हितग्राहियों को हितलाभ देकर किया लाभांवित

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान ग्राम हीरापुर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने विभिन्न हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से हितलाभ वितरित कर उन्हें लाभांवित किया। मंत्री श्री पटेल व अन्य अतिथियों ने 40 स्वसहायता समूह की महिलाओं को एक करोड़ 7 लाख रुपये का चैक सौंपा। इसके अलावा पशु पालन विभाग द्वारा संचालित आचार्य विद्या सागर योजना के तहत श्री अभिषेक लोधी को स्वीकृति पत्र सौंपा गया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मरीजों को फूड बास्केट भी वितरित किए।

हीरापुर शिविर में ग्रामीणों को मौके पर ही मिली विभिन्न शासकीय सेवाओं की सुविधा

कलेक्टर रजनी सिंह ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम हीरापुर में आयोजित शिविर में नागरिकों को उपलब्ध कराई गई सेवाओं एवं लाभों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को मौके पर ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा पात्र हितग्राहियों के आवेदन एवं दस्तावेज संबंधी कार्यवाही की गई।

 कलेक्टर ने बताया कि शिविर में 48 किसानों में से 31 किसानों की फार्मर आईडी बनाई गई तथा 6 फौती दर्ज की गई। समग्र ई-केवायसी के तहत 8 नागरिकों के कार्य पूर्ण किए गए, जबकि राशन पात्रता पर्ची में 8 नाम जोड़े गए। सहकारिता विभाग के माध्यम से 12 किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 2 लाड़ली बहना योजना के आवेदन भरवाए गए। श्रम विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के लिए 15 हितग्राहियों के आवेदन दर्ज किए गए।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बताया कि शिविर में लगाए गए आधार सेंटर के माध्यम से 36 लोगों के आधार संबंधी कार्य किए गए। इनमें 20 नए आधार कार्ड बनाए गए तथा 16 आधार कार्ड अपडेट किए गए। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में 48 लोगों के एक्स-रे किए गए। इसके अलावा 100 से अधिक नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यकतानुसार दवाइयां वितरित की गईं। पशुपालन विभाग द्वारा शिविर में पशुओं के टीकाकरण का कार्य भी किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल, राजा कौशलेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य सीताराम नामदेव, देवी सिंह पटेल, महेश राव, वीरेंद्र पटेल, श्री दीपक राय, श्री मनमोहन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश, अपर कलेक्टर अरविंद सिंह, जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने