मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी : मंत्री उदय प्रताप सिंह



राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का दो दिवसीय आयोजन संपन्न

सांईखेड़ा स्थित सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी 2025-26 के राज्य स्तरीय दो दिवसीय आयोजन का शुक्रवार को समारोहपूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुआ। छात्राओं ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को मनमोहक बनाया।




      समापन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी हैं। विद्यार्थियों के चेहरों में ही भारत का उज्ज्वल भविष्य दिखाई देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, निरंतर आगे बढ़ने, देश सेवा में योगदान देने तथा स्वावलंबी बनकर रोजगार के नए अवसर सृजित करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और नवाचार के लिए निरंतर प्रेरित करें, ताकि विद्यार्थी सशक्त एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहे हैं। शासकीय विद्यालयों में ड्रॉपआउट दर का शून्य होना तथा मेरिट सूची में विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलाव का प्रमाण है।


वैज्ञानिक सोच और नवाचार को मिला मंच


      मंत्री श्री सिंह ने कहा कि राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, ज्ञान, वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने हड़प्पा एवं मोहनजोदड़ो सभ्यताओं सहित विज्ञान, गणित, इतिहास, पर्यावरण, भूगोल और राजनीति जैसे विभिन्न विषयों पर उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक मॉडल तैयार किए। इन मॉडलों को तैयार करने में विद्यार्थियों के मार्गदर्शक शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


उत्कृष्ट विद्यार्थियों को किया सम्मानित


      समापन समारोह में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मॉडल विधा के विज्ञान विषय में नर्मदापुरम संभाग की अदिति लौवंशी ने प्रथम, ग्वालियर की लवली लोधी एवं जबलपुर के आर्यन वर्मा ने द्वितीय तथा रीवा के नंद जी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।


      गणित विषय में जबलपुर संभाग की अंबिका साहू प्रथम, जबलपुर के प्रफुल्ल मिश्रा, सागर की राज बाई एवं उज्जैन के करन भूरिया द्वितीय तथा ग्वालियर के समर बघेल तृतीय रहे। इतिहास विषय में ग्वालियर की सायनी जाटव ने प्रथम, जबलपुर की आयुषी प्रजापति ने द्वितीय एवं नर्मदापुरम की कविता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।


      पर्यावरण विषय में सागर संभाग की दिव्या पटेल प्रथम, नीरज प्रजापति एवं अरुणा अग्रवाल द्वितीय तथा जबलपुर की शिवानी रजक तृतीय रहीं। भूगोल में उज्जैन संभाग के असलम मंसूरी प्रथम, सागर की अंबिका पाठक द्वितीय एवं इंदौर के परवेश आर्य तृतीय रहे। राजनीति विषय में ग्वालियर की सहजवीर कौर प्रथम, इंदौर की उर्वशी द्वितीय एवं भोपाल की पूजा यादव तृतीय रहीं।


      इसी प्रकार सेमिनार, पर्यावरण गीत, लघुनाटिका एवं प्रश्न मंच विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा शिक्षिका आकांक्षा राजोरिया को भी स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


मॉडलों का अवलोकन कर विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह


      समापन समारोह से पहले मंत्री श्री सिंह ने विज्ञान एवं इतिहास विषयों पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके मॉडल की कार्यप्रणाली एवं विषयवस्तु की जानकारी ली तथा उनकी वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं रचनात्मकता की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया।


      कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व जनपद अध्यक्ष मुकेश मरैया ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा एवं कौशल का बेहतर प्रदर्शन किया है। राज्य शिक्षा केंद्र से डॉ. विपिन वर्मा एवं डीपीसी  प्रदीप कुमार द्विवेदी ने प्रदर्शनी से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन मनीष शंकर तिवारी ने किया तथा नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती स्वाति सचिन अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया।


      इस अवसर पर पूर्व विधायक  नरेश पाठक, नपा अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा,  मिनेन्द्र डागा, डॉ. योगेश कौरव, ऋचा स्थापक, अंजू शुक्ला, धनंजय पटेल, गौरीशंकर खेमरिया, धर्मपाल सिंह, चंद्रकांत शर्मा, दिग्विजय सिंह, कीरत सिंह पटेल, सुरेश मामूलिया, पंचम सिंह पटेल, अशोक भार्गव, स्मृति जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


      इसके अलावा एसडीएम प्रगति वर्मा, संयुक्त संचालक घनश्याम सोनी, एनसीईआरटी से पीवी राघवेंद्रा, राज्य शिक्षा केंद्र से सुनील श्रीवास्तव एवं डॉ. विपिन वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा, डीपीसी  प्रदीप कुमार द्विवेदी, बीईओ  सीमा डोंगरे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने