नरसिंहपुर-छिंदवाड़ा मार्ग पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंदा; मौके पर मौत

 


नरसिंहपुर। नरसिंहपुर-छिंदवाड़ा मार्ग पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। ग्राम कल्याणपुर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान सिंहपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम नयाखेड़ा निवासी राजा चौधरी (25) और मुंगवानी थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी बंधा निवासी अनिल मेहरा (26) के रूप में हुई है। दोनों आपस में दोस्त थे और ढाबे पर खाना खाने के बाद बाइक से नरसिंहपुर की ओर लौट रहे थे।

ढाबे से निकलते ही हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, दोनों युवक गुरुवार रात बाइक से निकले थे। कल्याणपुर के पास एक ढाबे पर दोनों ने भोजन किया। इसके बाद रात करीब 1 बजे वे बाइक से नरसिंहपुर की ओर जाने के लिए मुख्य मार्ग पर पहुंचे।

इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हाईवे हेल्पलाइन की मदद से अस्पताल पहुंचाए शव

हादसे की सूचना मिलने के बाद हाईवे हेल्पलाइन के 1033 वाहन की मदद से दोनों शवों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती तौर पर पहचान नहीं होने के कारण अस्पताल चौकी पुलिस ने शवों को अज्ञात के रूप में दर्ज किया।

इसी दौरान मौके पर पहुंचे नयाखेड़ा के सरपंच ने एक मृतक की पहचान राजा चौधरी के रूप में की। इसके बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने शिनाख्त की, जिसके बाद दूसरे मृतक अनिल मेहरा के परिवार को भी घटना की जानकारी दी गई।

परिजनों के मुताबिक राजा चौधरी किसी विवाद के चलते करीब तीन महीने से घर से लापता था।

संदेह के आधार पर ट्रक जब्त, जांच जारी

शुक्रवार को पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए।

सिंहपुर चौकी प्रभारी संजय सूर्यवंशी ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में संदेह के आधार पर एक ट्रक को जब्त किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे में शामिल वाहन यही ट्रक है या कोई अन्य वाहन। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने