जल भराव वाले क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई करें, सूचना तंत्र मजबूत रखें- कलेक्टर




टीएल बैठक में कलेक्टर ने दिए अधिकारियों को निर्देश

नरसिंहपुर/कलेक्टर  रजनी सिंह ने सोमवार को समय-सीमा (टीएल) बैठक में जिले में वर्षा एवं जल भराव की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जहां भी जल भराव की स्थिति निर्मित हो, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पुल-पुलियों, रपटों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर जल स्तर अधिक होने की स्थिति में स्थानीय अमला तत्काल बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोके।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि जल भराव एवं संवेदनशील स्थानों की स्थिति की दैनिक रिपोर्ट जिला कंट्रोल रूम को भेजी जाए। बरगी बांध से जल छोड़े जाने की स्थिति में नर्मदा नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में जल स्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए उन्होंने मैदानी अमले एवं कोटवारों को लगातार अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में पीएमजीएसवाय एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी संवेदनशील मार्गों पर आवागमन तत्काल बंद कराएं तथा लोगों को जलमग्न मार्गों से गुजरने से रोका जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं हो।

कलेक्टर ने तहसीलदारों, नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर हर वर्ष अथवा बार-बार जल भराव की स्थिति बनती है, वहां पहले से निगरानी एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने मजबूत सूचना तंत्र विकसित करने तथा होमगार्ड, पुलिस एवं राजस्व विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर जल भराव वाले क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई तत्काल की जाए। ऐसे प्रभावित लोगों के अस्थायी आवास, भोजन, पेयजल एवं अन्य राहत व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभाग पूरी तैयारी रखें। स्वास्थ्य विभाग की टीम आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा सामग्री के साथ तैयार रहे। पीएचई विभाग को जल स्रोतों की साफ-सफाई एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने प्राकृतिक आपदा, सर्पदंश एवं आकाशीय बिजली गिरने से होने वाली क्षति का तत्काल आकलन कर राहत प्रकरण तैयार करने की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

सीएम हेल्पलाइन में बेहतर प्रदर्शन बनाए रखें

बैठक में सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिले ने शिकायतों के निराकरण में बेहतर प्रदर्शन किया है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों को निरंतर बनाए रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत अनअटेंडेड नहीं रहना चाहिए तथा प्रत्येक शिकायत का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अधिकारी हर शुक्रवार फील्ड में रहें

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारी फील्ड में रहकर शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण करें और व्यवस्थाओं का जायजा लें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के तहत प्रदेश स्तर के अधिकारियों का भी जिले में भ्रमण हो सकता है, इसलिए सभी विभाग आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित रखें। उन्होंने शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि अन्य पात्र व्यक्ति भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित हो सकें।

आंगनवाड़ी भवन निर्माण, संबल 2.0 और समग्र ई-केवाईसी की भी समीक्षा

बैठक में जिले में वर्ष 2024-25 में स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवनों की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए। जिन भवनों के निर्माण में किसी कारण से प्रगति प्रभावित हो रही है, वहां संबंधित विभागीय अधिकारी मौके पर जाकर समस्या का निराकरण सुनिश्चित करें।

 कलेक्टर ने संबल योजना के अंतर्गत अनुग्रह सहायता प्रकरणों की समीक्षा करते हुए स्थानीय निकाय स्तर पर लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबल 2.0 योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों का पंजीयन सुनिश्चित करने के साथ लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए।

बैठक में समग्र ई-केवाईसी की प्रगति की भी समीक्षा की गई। 23 अगस्त की रिपोर्ट के अनुसार जिले की ई-केवाईसी प्रगति 88.07 प्रतिशत रही। कलेक्टर ने कहा कि शेष सदस्यों का ई-केवाईसी भी अभियान चलाकर शीघ्र पूर्ण कराया जाए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अपर कलेक्टर अरविंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने