जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारियों में जुटे रहे अंजुमन, नगर निगम और समाजसेवी...
अंजुमन अध्यक्ष अनवर अन्नू, पार्षद अयोध्या तिवारी और समाजसेवियों ने संभाली व्यवस्थाओं की कमान
अचानक बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे जायरीन और नमाजी
जबलपुर। अंजुमन इस्लामिया वक्फ में जुलूस-ए-मोहम्मदी के आयोजन को लेकर इस वर्ष बारिश के कारण व्यवस्थाएं चुनौतीपूर्ण रहीं। इसके बावजूद अंजुमन इस्लामिया वक्फ कमेटी, नगर निगम जबलपुर, स्थानीय पार्षद और समाजसेवियों ने मिलकर आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए।
अंजुमन अध्यक्ष अनवर अन्नू के प्रयास से रद्दी चौकी से मुरम मंगवाकर मैदान में डलवाई गई और जहां संभव था वहां पुराई कराई गई। आयोजन से दो दिन पहले से नगर निगम के पानी निकासी वाले डंपरों के माध्यम से मैदान से पानी निकलवाने का काम किया गया। मैदान में काली पन्नी भी बिछाई गई, ताकि बारिश की स्थिति में लोगों को कम परेशानी हो।
स्थानीय पार्षद अयोध्या तिवारी ने भी स्वयं मैदान में पहुंचकर पुराई और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग किया। नए मोहल्ले के कई समाजसेवियों ने भी आयोजन की तैयारियों में सहयोग दिया। कमेटी से जुड़े लोगों और सहयोगियों ने रातभर मैदान की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में मेहनत की।
कार्यक्रम शुरू होने के कुछ घंटे पहले अचानक हुई बारिश से मैदान के कुछ हिस्सों में पानी भर गया और कुछ गड्ढे दिखाई देने लगे। इसके बावजूद नमाजियों और जायरीनों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध रहा। इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में अधिक संख्या में लोग जुलूस और नमाज में शामिल हुए।
जुलूस-ए-मोहम्मदी की अगुवाई कर रहे मुफ़्ती-ए-आज़म डॉ. मौलाना मुशाहिद रज़ा क़ादरी ने भी विपरीत मौसम के बावजूद की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
बताया गया कि पिछले करीब तीन वर्षों से चांदनी चौक की एक मस्जिद में विशेष अवसर पर मौलाना साहब से नमाज पढ़ाने का आग्रह किया जा रहा था। इस वर्ष उन्होंने आग्रह स्वीकार करते हुए वहां नमाज अदा की। इसी कारण अंजुमन परिसर में मग़रिब की नमाज और सलातो-सलाम की व्यवस्था हाफ़िज़ मोहम्मद अज़हर ने कराई।
