कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशों के परिपालन में रक्षा बंधन त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा दूध, मावा एवं मिठाइयों में मिलावट के विरुद्ध जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के करेली एवं नरसिंहपुर में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा विभिन्न मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती कविता राठौर एवं सुश्री सारिका दुबे द्वारा हरिहर स्वीट्स से खोवा, गुजराती स्वीट्स से कुंदा के पेड़े तथा भगवती बीकानेर मिष्ठान भंडार से कलाकंद एवं मलाई के पेड़े के नमूने लिए गए। वहीं सिंहपुर बड़ा में खोवा विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों द्वारा त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए निरीक्षण एवं जांच की कार्यवाही निरंतर की जा रही है। लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने त्यौहार के अवसर पर जिले के समस्त खाद्य विक्रेताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित मिठाइयों का विक्रय करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खाद्य पदार्थों की बिक्री के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई है।
