सोहागपुर / नर्मदापुरम|सोहागपुर में ग्राहक बनकर ज्वेलरी दुकान से सोने की अंगूठी चुराने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी गई अंगूठी बरामद कर ली है। बरामद अंगूठी की कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 27 अगस्त को राजेन्द्र वार्ड निवासी रामशंकर सोनी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि शाम लगभग 4 बजे दो महिलाएं उनकी आभूषण दुकान पर अंगूठी खरीदने के बहाने आई थीं और इसी दौरान 5.51 ग्राम वजनी सोने की अंगूठी चोरी कर ले गईं। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी साई कृष्णा एस थोटा, एएसपी अभिषेक राजन और एसडीओपी अरविंद शाह के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने दुकान और उसके आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच के बाद आरोपियों की पहचान पिपरिया निवासी रमाबाई अहिरवार और लक्ष्मीबाई कतिया के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी, उपनिरीक्षक दिनेश पाल, सहायक उपनिरीक्षक गणेश राय, आरक्षक अजमेर सिंह परिहार, मनोहर दायमा, अफसर खान, संदीप चौधरी, राजकुमार यादव एवं महिला आरक्षक प्रीति सरयाम का सराहनीय योगदान रहा।
