जबलपुर। राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा के अंतर्गत समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से कल 30 अगस्त, रविवार को नेत्रदान रैली सह "ब्लाइंड फोल्डेड वॉक" का आयोजन किया जा रहा है।
सक्षम (समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल) और दादा वीरेंद्रपुरी जी रोटरी आई बैंक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली का मुख्य संदेश है - *“आँखों पर पट्टी बाँधकर जानें, दृष्टिहीनों का दर्द समझें और नेत्रदान का संकल्प लें।”*
*कार्यक्रम का विवरण इस प्रकार है -*
- *दिनांक:* 30 अगस्त, रविवार
- *समय:* प्रातः 8:30 बजे
- *प्रारंभ स्थल:* सत्य अशोका गेट, राइट टाउन स्टेडियम, जबलपुर
- *रैली मार्ग:* सत्य अशोका गेट से प्रारंभ होकर तीन पत्ती चौक, मालवीय चौक होते हुए भारत माता चौक (वंदे मातरम् उद्यान) सिविक सेंटर तक जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि इस अनूठी वॉक में प्रतिभागी अपनी आँखों पर पट्टी बाँधकर चलेंगे, ताकि वे कुछ क्षणों के लिए दृष्टिहीनता की चुनौती और उनके संघर्ष को महसूस कर सकें। इसका उद्देश्य लोगों को नेत्रदान के महत्व को समझाना और अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान की शपथ दिलाना है।
सक्षम परिवार ने सभी समाजसेवी संस्थाओं, युवाओं, विद्यार्थियों और नगर के जागरूक नागरिकों से इस पुनीत अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
