जबलपुर/नरसिंहपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह ने नरसिंहपुर प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (MP Transco) के 220/132/33 केवी अति उच्च दाब सब-स्टेशन रोंसरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिजली ग्रिड की सुरक्षा, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और आगामी रबी सीजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
ग्रिड संचालन और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने अधिकारियों से ग्रिड लोड मैनेजमेंट, तकनीकी व्यवस्थाओं और पावर ट्रांसमिशन की निरंतरता को लेकर चर्चा की। उन्होंने मैदानी स्तर पर तैनात कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि सभी तकनीकी कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों और निर्धारित गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत पालन किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता (टेस्टिंग) एम.वाई. मंसूरी, अधीक्षण अभियंता एन.एस. लोधी, कार्यपालन अभियंता रमेश सिंह, राजेश चतुर्वेदी और विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता नीलाभ श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सब-स्टेशन के पहुंच मार्ग को लेकर जताई चिंता
नरसिंहपुर बाईपास निर्माण के चलते सब-स्टेशन तक भारी वाहनों के पहुंचने में आ रही परेशानी को लेकर प्रमुख सचिव ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि खराब पहुंच मार्ग के कारण आपात स्थिति में भारी पावर ट्रांसफार्मर और जरूरी उपकरणों को समय पर सब-स्टेशन तक पहुंचाने में परेशानी हो सकती है।
उन्होंने स्थानीय प्रशासन से समन्वय कर पास के नाले पर बने पुल के नए निर्माण तथा सब-स्टेशन के पहुंच मार्ग (अप्रोच रोड) की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
रबी सीजन में किसानों को मिलेगी निर्बाध बिजली
रोंसरा सब-स्टेशन जबलपुर से पिपरिया के बीच विद्युत आपूर्ति का महत्वपूर्ण केंद्र है। आगामी रबी सीजन को देखते हुए प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को कृषि कार्य के लिए गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए संभावित विद्युत मांग का पहले से आकलन कर पावर मैनेजमेंट को मजबूत रखा जाए।
इसके साथ ही उन्होंने ऑप्टिकल फाइबर ग्राउंड वायर (OPGW) नेटवर्क और डेटा कनेक्टिविटी की भी समीक्षा की। उन्होंने संचार नेटवर्क को और मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि बिजली आपूर्ति और ग्रिड संचालन में किसी तरह की बाधा न आए।
