नरसिंहपुर। नरसिंहपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन से पानी भरने के लिए नीचे उतरे एक युवक की चलती ट्रेन में वापस चढ़ते समय पैर फिसल गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए जबलपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार राहुल बादशाह ट्रेन से पानी भरने के लिए नरसिंहपुर रेलवे स्टेशन पर उतरे थे। पानी भरने के बाद जब वह चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल नरसिंहपुर ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया। हालांकि, जबलपुर ले जाते समय गोटेगांव पहुंचते ही राहुल बादशाह ने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।
