नरसिंहपुर में घर से गायब हुआ दो साल का मासूम, कुछ दूरी पर मिला शव; गांव में सनसनी

 


नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के काचरकोना गांव में दो साल के मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। बच्चा रात में अपनी मां के साथ घर में सो रहा था, लेकिन कुछ देर बाद मां की नींद खुली तो वह बिस्तर से गायब मिला। परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की तो घर से कुछ दूरी पर मासूम का शव बरामद हुआ।

रात में अचानक गायब हुआ बच्चा

परिजनों के मुताबिक घटना रात करीब 11 बजे की है। दो साल का बच्चा अपनी मां के साथ घर के अंदर सो रहा था। कुछ देर बाद मां की नींद खुली तो बच्चा पास में नहीं था। पहले परिवार को लगा कि मासूम रेंगते हुए आसपास चला गया होगा, लेकिन काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला।

इसके बाद परिजनों ने पड़ोस और आसपास के इलाके में खोजबीन शुरू की। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर बच्चे का शव मिला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

गांव में मातम के साथ आक्रोश

मासूम की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है। वहीं घटना की परिस्थितियों को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश भी है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर सच्चाई सामने लाने और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड ने जुटाए सुराग

सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की कड़ियां जोड़ने के लिए डॉग स्क्वॉयड की भी मदद ली गई।

पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद मासूम के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। बच्चे के घर से बाहर निकलने की परिस्थितियों से लेकर शव मिलने की जगह तक, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को खंगाल रही है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने