शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा का देशभर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों में चयन, राष्ट्रपति से मुलाकात का मिला गौरव
नरसिंहपुर की बेटी कु. अंजली साहू ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में रक्षाबंधन का पर्व मनाकर जिले को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर की प्रतिभाशाली छात्रा अंजली साहू का भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा देशभर से चयनित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों में हुआ।
28 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम में अंजली को महामहिम राष्ट्रपति से मुलाकात करने का अवसर मिला। राष्ट्रपति ने देश के विभिन्न राज्यों से आमंत्रित प्रतिभाशाली स्कूली बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। अंजली ने इस विशेष अवसर पर पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में सहभागिता की। देश की प्रथम नागरिक से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात का यह अवसर अंजली के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया।
सरकारी स्कूलों की प्रतिभा को मिला राष्ट्रीय मंच
भारत सरकार की इस विशेष पहल का उद्देश्य देश के दूर-दराज के सरकारी विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) तथा समावेशी शिक्षा से जुड़े प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत प्रतिभाशाली बच्चों को अपनी उपलब्धियों और प्रतिभा के लिए राष्ट्रीय पहचान हासिल करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
26 से 29 अगस्त तक दिल्ली में विशेष व्यवस्था
कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 26 से 29 अगस्त तक नई दिल्ली में ठहरने, भोजन और स्थानीय परिवहन की विशेष व्यवस्था की गई। इस दौरान विद्यार्थियों को राजधानी दिल्ली के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों एवं गतिविधियों से परिचित होने का अवसर भी मिला।
अंजली की उपलब्धि से विद्यालय में हर्ष
अंजली साहू की इस उपलब्धि से शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर में हर्ष का माहौल है। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा, विद्यालय के प्राचार्य राजीव किशोर श्रीवास्तव, डॉ. अशोक कुमार उदेनिया वर्षा पांडे, प्रतीक्षा पटैल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, सहपाठियों एवं जिलेवासियों ने अंजली को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई दी।
