नरसिंहपुर। जिले में गुरुवार को बढ़ती महंगाई के विरोध में नगर कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी करेली ने ‘हल्ला बोल’ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया और शहर में रैली निकाली।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महंगाई के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उनका कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों के घरेलू बजट पर असर पड़ रहा है। खाद्य सामग्री सहित रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम जनता परेशान है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई से राहत दिलाने के लिए जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो पार्टी द्वारा आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
