नेगुवां। मुख्यमंत्री जन-विश्वास संवाद के तहत ग्राम नेगुवां में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और स्थानीय मुद्दों की जानकारी ली।
जनसंवाद के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं, जनसुविधाओं, कानून व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं को लेकर ग्रामीणों से चर्चा की गई। अधिकारियों ने शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से जागरूक किया गया। साथ ही ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव, नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने लोगों से साइबर ठगी के मामलों में सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।
जनसंवाद के माध्यम से प्रशासन ने ग्रामीणों और शासन-प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की बात सुनी और स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने के साथ-साथ कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर जागरूक करना रहा।

