जबलपुर | विशेष संवाददाता*
राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा है कि मध्य प्रदेश सरकार अगर इंदौर के साथ-साथ जबलपुर में भी सेमीकंडक्टर उद्योग लाने की पहल करती है तो वे ताइवान के अधिकारियों से सीधा संवाद स्थापित कराने में सहयोग करेंगे।
तन्खा ने कहा कि वे ताइवान के संबंधित विभागों से संपर्क स्थापित कराने के लिए तैयार हैं, बशर्ते यह पूरा प्रयास खासतौर पर जबलपुर के विकास को ध्यान में रखकर किया जाए।
उन्होंने कहा कि जबलपुर में सेमीकंडक्टर सेक्टर की संभावनाओं को गंभीरता से देखे जाने की जरूरत है और इस उद्योग के लिए जरूरी अंतरराष्ट्रीय स्तर के संबंध बनाने में वे अपनी जिम्मेदारी निभाने को तैयार हैं।
जबलपुर में हैं असीम संभावनाएं : तन्खा*
सांसद तन्खा ने कहा कि भौगोलिक रूप से जबलपुर मध्य भारत के मध्य में स्थित है। यहां स्किल्ड मैनपावर, अच्छी कनेक्टिविटी और शिक्षण संस्थानों की मौजूदगी जैसे कई प्लस पॉइंट हैं, जो इसे हाई-टेक इंडस्ट्री जैसे सेमीकंडक्टर के लिए आदर्श बनाते हैं।
युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के द्वार*
उन्होंने कहा कि यदि यह उद्योग जबलपुर आता है तो स्थानीय युवाओं को न सिर्फ रोजगार मिलेगा, बल्कि तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए मौके भी मिलेंगे। इससे जबलपुर का समग्र विकास होगा।
"अगर मध्य प्रदेश सरकार इंदौर के अलावा जबलपुर में भी सेमीकंडक्टर उद्योग लगाने की दिशा में कदम बढ़ाती है, तो मैं ताइवान के अधिकारियों से वन-टू-वन मीटिंग कराने में मदद कर सकता हूं। मगर यह पहल विशेष तौर पर जबलपुर के लिए होनी चाहिए।" *- विवेक तन्खा, राज्यसभा सांसद*
ताइवान से सहयोग की उम्मीद*
तन्खा ने कहा कि सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी में ताइवान दुनिया का लीडर है। यदि जबलपुर के लिए उसके साथ पार्टनरशिप होती है तो पूरा महाकौशल क्षेत्र औद्योगिक रूप से नई ऊंचाई पर पहुंच सकता है।
