नरसिंहपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नरसिंहपुर पुलिस ने जिलेभर में “ऑपरेशन अपराजिता” अभियान को और अधिक सक्रिय कर दिया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत स्कूल-कॉलेजों सहित सार्वजनिक और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है।
अभियान के तहत पुलिस टीमों द्वारा निर्भया मोबाइल सेवा को भी सक्रिय करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित भ्रमण और निगरानी की जा रही है। बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों, कॉलेजों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।
79 स्कूलों में सघन जांच
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने 79 स्कूलों की सघन जांच की। इस दौरान स्कूलों के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने वाले युवकों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।
पुलिस कार्रवाई के दौरान 8 व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जबकि 171 व्यक्तियों को समझाइश देकर उनके परिजनों को सूचित किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूलों और बालिका शिक्षा संस्थानों के आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस का स्पष्ट संदेश
“ऑपरेशन अपराजिता” के माध्यम से नरसिंहपुर पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करने का प्रयास किया है। पुलिस का कहना है कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और स्कूल-कॉलेज क्षेत्रों में मनचलों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जाएगी।
पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
.jpeg)

.jpeg)

