नरसिंहपुर जिले में संघ अध्यक्ष राहुल वर्मा के नेतृत्व में तहसील नरसिंहपुर में सौंपा ज्ञापन, राजस्व कार्य ठप
नरसिंहपुर केसरी/नरसिंहपुर/मध्य प्रदेश पटवारी संघ के प्रदेश स्तरीय आह्वान पर सोमवार 03 अगस्त 2026 से नरसिंहपुर जिले सहित प्रदेश के लगभग 20 हजार पटवारी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर चले गए हैं। 5 सूत्रीय लंबित मांगों के निराकरण न होने से आहत पटवारियों ने आंदोलन के अंतिम चरण में कलम रखकर काम बंद कर दिया है।
संघ का कहना है कि सरकार लगातार अनदेखी कर रही है। इसी वजह से मजबूरन राजस्व व्यवस्था से जुड़े जरूरी काम रोकने पड़े हैं।
*चरणबद्ध तरीके से बढ़ा आंदोलन*
मध्यप्रदेश पटवारी संघ भोपाल के बैनर तले आंदोलन कई चरणों में चल रहा है।
8 जुलाई को मुख्यमंत्री के नाम सभी जिला कलेक्टरों को 5 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया था।
- *15 से 17 जुलाई* : सामूहिक अवकाश
- *20 से 23 जुलाई* : काली पट्टी बांधकर कार्य
- *24 से 27 जुलाई* : शासकीय कार्य छोड़कर केवल राजस्व कार्य
- *28 जुलाई से* : सभी ऑनलाइन सेवाएं बंद
अब *03 अगस्त 2026* से पटवारी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर हैं।
*ये हैं पटवारियों की 5 प्रमुख मांगें*
1. *कैडर रिव्यू और पदोन्नति*: पटवारी संवर्ग का कैडर रिव्यू कर नायब तहसीलदार पद पर विभागीय परीक्षा से पदोन्नति दी जाए। 1995-96 से पटवारी का वेतनमान 3000 से बढ़कर 3500 रुपये ही हुआ है।
2. *सुरक्षा*: कार्य के दौरान सुरक्षा के लिए जज प्रोटेक्शन एक्ट के तहत पटवारियों को सुरक्षा प्रदान की जाए।
3. *लंबित मानदेय*: विभिन्न विभागों में पटवारियों से कराए गए कार्यों का वर्षों से लंबित मानदेय तुरंत दिया जाए।
4. *स्थानांतरण नीति*: स्थानांतरण नीति का कड़ाई से पालन हो। गलत तरीके से हुए स्थानांतरण निरस्त किए जाएं और संघ पदाधिकारियों को नियत अवधि की छूट मिले।
5. *भर्ती नियम*: पटवारी भर्ती में CPCT की अनिवार्यता खत्म कर पूर्व की भांति केवल 12वीं पास योग्यता रखी जाए।
*नरसिंहपुर जिले में गूंजा विरोध*
जिला पटवारी संघ नरसिंहपुर के अध्यक्ष राहुल वर्मा के नेतृत्व में आज तहसीलदार नरसिंहपुर अमित रिनहाटे को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र प्रेषित किया गया। पटवारियों ने बताया कि उनकी पूर्व में दी गई सूचना के बाद भी कोई ठोस पहल नहीं हुई।
वहीं मध्यप्रदेश पटवारी संघ तहसील शाखा गाडरवारा ने भी एसडीएम गाडरवारा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि जिले की सभी तहसील के समस्त पटवारी आज से अपने अस्त्र-शस्त्र तहसील कार्यालय में जमा कराकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के दौरान बैठने के लिए NTPC टाल BH में स्थान उपलब्ध कराने की अनुमति भी मांगी गई है।
*आम जनता पर पड़ा असर*
जिला अध्यक्ष राहुल वर्मा ने बताया कि हड़ताल के कारण जिले की सभी तहसीलों में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, गिरदावरी, खसरा-खतौनी और किसान क्रेडिट कार्ड जैसे महत्वपूर्ण राजस्व कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं। इससे किसानों और आम जनता को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।
पटवारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शासन ने जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा और मुख्यमंत्री निवास का घेराव भी किया जा सकता है।
