- एडवोकेट सैय्यद ताहिर अली बने नगर निगम में सांसद प्रतिनिधि
- विधायक, शहर कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष की सहमति से हुई नियुक्ति
जबलपुर। राज्यसभा सांसद माननीय विवेक कृष्ण तन्खा ने विधायक लखन घनघोरिया, शहर कांग्रेस कमेटी जबलपुर के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा तथा नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा की सहमति से कांग्रेस नेता एवं पूर्व पार्षद सैय्यद ताहिर अली को नगर निगम जबलपुर के लिए अपना सांसद प्रतिनिधि नियुक्त किया है। इस संबंध में सांसद श्री तन्खा ने नगर निगम आयुक्त को आधिकारिक पत्र जारी कर नियुक्ति प्रभावी होने की जानकारी दी है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।
जारी आदेश के अनुसार, सांसद विवेक तन्खा की अनुपस्थिति में एडवोकेट सैय्यद ताहिर अली नगर निगम की सामान्य सभा, समितियों एवं अन्य आवश्यक बैठकों में उनका प्रतिनिधित्व करेंगे। साथ ही नगर निगम के विकास कार्यों, जनहित से जुड़े विषयों और महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी सांसद कार्यालय तक पहुंचाने का दायित्व भी निभाएंगे। नगर निगम प्रशासन से उन्हें सांसद प्रतिनिधि के रूप में आवश्यक मान्यता एवं सहयोग प्रदान करने का अनुरोध भी किया गया है।
28 वर्षों का संगठनात्मक और राजनीतिक अनुभव
एडवोकेट सैय्यद ताहिर अली पिछले 28 वर्षों से छात्र और युवा राजनीति के माध्यम से कांग्रेस संगठन से जुड़े रहे हैं। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई), युवक कांग्रेस और कांग्रेस संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वर्ष 2015 से 2022 तक वे पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड के पार्षद रहे तथा नगर निगम में कांग्रेस दल के सचेतक (व्हिप) की जिम्मेदारी भी निभाई। छात्र राजनीति से लेकर नगर निगम तक का उनका लंबा अनुभव उन्हें स्थानीय प्रशासन और शहरी विकास से जुड़े विषयों की गहरी समझ प्रदान करता है। वर्तमान मै प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उन्हें संगठन की तरफ से मंडला विधानसभा का भी प्रभार दिया हुआ है
*जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प*
नियुक्ति के बाद एडवोकेट सैय्यद ताहिर अली ने राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, विधायक लखन घनघोरिया, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा तथा नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन पर जताए गए विश्वास पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उनकी प्राथमिकता नगर निगम में जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना, शहर के विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी करना तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाना होगी।


