नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 25 अगस्त 2026 से अमेरिका, कनाडा और यूनाइटेड किंगडम (यूके) के दौरे पर जाएंगे। संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान होने वाला यह दौरा विदेशों में संघ के संपर्क और संवाद अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, डॉ. भागवत का यह दौरा विदेशों में सक्रिय स्थानीय संघ संगठनों और भारतीय समुदाय के निमंत्रण पर हो रहा है। यात्रा के दौरान वे स्वयंसेवकों के साथ-साथ भारतीय मूल के लोगों और विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों से जुड़े लोगों से संवाद करेंगे।
दौरे का प्रमुख उद्देश्य विदेशों में रह रहे भारतीय समुदाय के साथ संपर्क मजबूत करना और भारत की संस्कृति, सामाजिक सरोकारों तथा संघ की गतिविधियों को लेकर संवाद को आगे बढ़ाना है। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों और बैठकों में भागवत के संबोधन भी प्रस्तावित हैं।
अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब RSS अपने शताब्दी वर्ष के अवसर पर देश के साथ-साथ विदेशों में भी संपर्क एवं संवाद गतिविधियों का विस्तार कर रहा है। इससे पहले भी संघ की ओर से भारतीय मूल के लोगों और विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक संस्थाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।
मोहन भागवत की तीन देशों की यात्रा को संघ के अंतरराष्ट्रीय संपर्क अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर भारतीय मूल की नई पीढ़ी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ संवाद इस दौरे का अहम हिस्सा हो सकता है।
