इटारसी-मदन महल के बीच शुरू होगी नई पैसेंजर ट्रेन, 5 घंटे 5 मिनट में पूरा होगा सफर

 

जबलपुर। मध्य प्रदेश में रेल संपर्क को और मजबूत करने की दिशा में रेलवे मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय ने दैनिक ट्रेन संख्या 51673/51674 इटारसी-मदन महल पैसेंजर के संचालन को मंजूरी दे दी है। नई यात्री सेवा से इटारसी और जबलपुर के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। साथ ही रास्ते में पड़ने वाले प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों के लिए भी आवागमन के नए विकल्प उपलब्ध होंगे।

इटारसी से 11:40 बजे रवाना होगी ट्रेन

ट्रेन संख्या 51673 इटारसी-मदन महल पैसेंजर इटारसी जंक्शन से सुबह 11:40 बजे रवाना होगी और शाम 4:45 बजे मदन महल स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 51674 मदन महल-इटारसी पैसेंजर मदन महल से शाम 5:50 बजे रवाना होकर रात 10:55 बजे इटारसी जंक्शन पहुंचेगी।

242 किलोमीटर का सफर, 9 स्टेशनों पर ठहराव

दैनिक पैसेंजर ट्रेन इटारसी से मदन महल के बीच करीब 242 किलोमीटर की दूरी 5 घंटे 5 मिनट में पूरी करेगी। इस दौरान ट्रेन बागरा तवा, सोहागपुर, पिपरिया, बनखेड़ी, सालीचौका रोड, गाडरवारा, करेली, नरसिंहपुर और श्रीधाम स्टेशनों पर रुकेगी।

इन स्टेशनों से रोजाना जबलपुर और इटारसी आने-जाने वाले यात्रियों को इस सेवा का सीधा लाभ मिलेगा।

छोटे शहरों और कस्बों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी

इटारसी-मदन महल पैसेंजर ट्रेन को केवल दो बड़े रेलवे स्टेशनों को जोड़ने वाली सेवा के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। यह जबलपुर-नर्मदापुरम क्षेत्र के छोटे कस्बों और स्टेशनों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

खास तौर पर मध्यम वर्ग, अनारक्षित और कम दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन किफायती विकल्प साबित हो सकती है। इससे लोगों को रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार और धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में भी सुविधा मिलेगी।

इटारसी से आगे की यात्रा में भी मिलेगी मदद

इटारसी देश के प्रमुख रेलवे जंक्शनों में शामिल है। ऐसे में मदन महल और आसपास के क्षेत्रों से इटारसी पहुंचने वाले यात्रियों को वहां से देश के दूसरे हिस्सों के लिए आगे की ट्रेनें पकड़ने में भी सुविधा मिल सकेगी। इस तरह नई पैसेंजर सेवा फीडर और वितरण रेल सेवा के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने