रक्तदान कर जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक जयनारायण शर्मा ने दिया मानवता का संदेश

 




नरसिंहपुर। जिला कलेक्ट्रेट नरसिंहपुर में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के दौरान मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक जयनारायण शर्मा ने रक्तदान कर समाज को मानवता और सेवा का प्रेरणादायी संदेश दिया।

रक्तदान के बाद जयनारायण शर्मा ने कहा कि रक्त एक अमूल्य जीवनदायी संसाधन है, जिसकी जरूरत दुर्घटनाओं में घायल लोगों, गंभीर रोगियों, गर्भवती महिलाओं और अन्य जरूरतमंद मरीजों को पड़ सकती है। रक्तदान किसी व्यक्ति की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल रक्त देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने स्वस्थ और सक्षम नागरिकों से स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान से समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना मजबूत होती है। किसी जरूरतमंद के जीवन में रक्त की कुछ बूंदें नई उम्मीद जगा सकती हैं, इसलिए रक्तदान को मानव सेवा का सौभाग्य समझना चाहिए।

प्रशस्ति-पत्र देकर किया सम्मानित

रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और इस पुनीत कार्य में सहभागिता के लिए जिला कलेक्टर रजनी सिंह (IAS) एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेंद्र सिंह (IAS) ने जयनारायण शर्मा को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही उनके रक्तदान के प्रयास की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने