नरसिंहपुर पॉलिटेक्निक में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ी, 14 सितंबर तक मिलेगा मौका


सीमित रिक्त सीटों पर 10वीं व 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को मिलेगा सीधे प्रवेश

नरसिंहपुर केसरी|शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय नरसिंहपुर में कक्षा 10 वीं अथवा 12 वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। तकनीकी शिक्षा संचालनालय, भोपाल द्वारा प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 14 सितंबर 2026 कर दी गई है। महाविद्यालय में कुछ सीमित सीटें अभी रिक्त हैं। इच्छुक विद्यार्थियों को 10वीं अथवा 12वीं में प्राप्त अंकों के प्रतिशत के आधार पर सीधे प्रवेश दिया जाएगा।


      महाविद्यालय में कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन तथा मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट के डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित हैं। शासकीय संस्था होने के कारण पात्र विद्यार्थियों को शासन की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ मिलता है, जिससे उनकी शिक्षा का खर्च प्रभावी रूप से लगभग निःशुल्क हो जाता है।


      डिप्लोमा पाठ्यक्रम पूर्ण करने के बाद विद्यार्थियों के लिए शासकीय एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध रहते हैं। साथ ही डिप्लोमा के बाद प्रदेश के प्रतिष्ठित शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालयों में बी.टेक द्वितीय वर्ष में लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रवेश लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर भी मिलता है। मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों के लिए स्टेनोग्राफर सहित विभिन्न शासकीय पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं।


      प्राचार्य शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय ने इच्छुक विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे 14 सितंबर 2026 तक सीमित रिक्त सीटों का लाभ उठाएं और आवश्यक दस्तावेजों के साथ शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, स्टेशन रोड, नरसिंहपुर में उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए संस्था के व्याख्याता श्री राहुल गिरदोनिया के उनके मोबाइल नंबर 9424964698 पर संपर्क किया जा सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने