पट्टा की जमीन पर NOC के लिए ₹19 हजार की रिश्वत लेते ग्राम रोजगार सहायक लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा

 


जबलपुर/नरसिंहपुर।लोकायुक्त पुलिस जबलपुर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत तिनसी के ग्राम रोजगार सहायक दिलीप कुमार साहू को ₹19 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पट्टा की जमीन पर मकान निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।



जानकारी के अनुसार, आवेदिका राजकुमारी परस्ते ने ग्राम तिनसी की आबादी भूमि पर मकान बनाने के लिए पट्टा प्राप्त करने हेतु ग्राम पंचायत के सहायक सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक दिलीप कुमार साहू से संपर्क किया था। आरोप है कि आरोपी ने आवेदिका से कहा कि फिलहाल पट्टा नहीं मिलेगा और NOC जारी कराने के लिए ₹20 हजार देने होंगे, तभी उसका काम किया जाएगा।

रिश्वत की मांग से परेशान होकर आवेदिका ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजू पटले से शिकायत की। शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त ने ट्रैप की योजना बनाई।

सोमवार को ग्राम पंचायत भवन तिनसी में कार्रवाई के दौरान आरोपी दिलीप कुमार साहू को आवेदिका से ₹19 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(B) एवं 13(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस ट्रैप कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक रेखा प्रजापति, निरीक्षक राहुल गजभिये सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से सरकारी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने