हरदा के होटल में मनरेगा के संविदा सब इंजीनियर का शव मिला, बाथरूम में संदिग्ध हालत में मिला शव; जांच शुरू

हरदा। हरदा शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मिश्रा पैलेस होटल में मंगलवार सुबह मनरेगा के संविदा सब इंजीनियर गौरव दुबे (54) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवा दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक या हार्ट फेल होना माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फोन नहीं उठाने पर हुआ संदेह जानकारी के अनुसार, गौरव दुबे हरदा जनपद पंचायत में पिछले कई वर्षों से मनरेगा के संविदा सब इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वे करीब 15 वर्षों से मिश्रा पैलेस होटल में रह रहे थे। सोमवार से उनके सहकर्मी और परिजन लगातार उनसे संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन मोबाइल फोन रिसीव नहीं होने पर उन्हें चिंता हुई। मंगलवार सुबह कर्मचारी और परिचित होटल पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़ने पर बाथरूम में मिला शव पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर बाथरूम में गौरव दुबे का शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने बताया कि मृतक की पत्नी और बच्चे भोपाल में रहते हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल किसी भी आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने