श्री अमरकंटक स्थित श्री मणिनागेश्वर महादेव श्रीबाबाश्री जी धाम, जमना दादर में आज रात्रि श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव के एक दिवस पूर्व संध्या पर श्रद्धा और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस पावन अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से पधारे श्रद्धालुओं, सहयोगीजनों एवं भगतजनों के लिए पूर्व राज्यमंत्री *जालम सिंह पटेल* ने स्वयं प्रसाद स्वरूप भोजन परोसकर सेवा भाव का परिचय दिया। उनके साथ केंद्रीय मंत्री *प्रहलाद सिंह पटेल* भाईसाहब भी उपस्थित रहे और दोनों नेताओं ने श्रद्धालुओं के साथ बैठकर भोग ग्रहण किया।
परिवार सहित आयोजित इस भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जालम सिंह पटेल ने पंक्ति में बैठे सभी भक्तों को प्रेमपूर्वक भोजन परोसा। इस दौरान वातावरण भजन-कीर्तन और गुरु महिमा से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने इस सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा से पूर्व इस प्रकार की सेवा से धाम की आध्यात्मिक ऊर्जा और भी बढ़ गई है।
कल श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव धाम में पूरे विधि-विधान के साथ मनाया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की अपेक्षा है।


