पिपरिया–पचमढ़ी मार्ग पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल



पिपरिया (नर्मदापुरम)। जिले के पिपरिया–पचमढ़ी मार्ग पर रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। ग्राम डोकरीखेड़ा के समीप एक मोड़ पर अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नर्मदापुरम जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार स्टेशन रोड थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक जी.एस. ठाकुर ने बताया कि तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर पिपरिया से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक ग्राम डोकरीखेड़ा के पास स्थित मोड़ पर पहुंची, सामने से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों घायलों को शासकीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर रवि मेघवानी ने परीक्षण के बाद डोकरीखेड़ा निवासी रामकुमार ठाकुर और डापका निवासी धनराज ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों के सिर, पेट, जांघ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

वहीं हादसे में घायल विनोद ठाकुर, निवासी डोकरीखेड़ा, के सिर, कान, हाथ और घुटनों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए नर्मदापुरम जिला अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच सहित वाहन की तलाश शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के गांवों में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने