*रायसेन / नरसिंहपुर केसरी |* रायसेन जिला जेल में बुधवार सुबह सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी ने ड्यूटी पर तैनात प्रहरी पर देसी कट्टे से गोली चला दी। घटना के कुछ ही घंटों बाद जेल मुख्यालय भोपाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला जेल रायसेन के कार्यवाहक अधीक्षक श्री आर.के. चौरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जेल महानिदेशक द्वारा जारी आदेश क्रमांक 1801/सामान्य-स्थापना/(राजपत्रित) दिनांक 02.09.2026 के अनुसार, दिनांक 02.09.2026 को प्रातः लगभग 09:00 बजे विचाराधीन बंदी नीलेश पिता निर्भय सिंह द्वारा लाल गेट एवं सिल्वर गेट के बीच ड्यूटी पर तैनात प्रहरी दिग्विजय सिंह पर कट्टे से फायरिंग की गई।
आदेश में कहा गया है कि उक्त घटना में प्रथम दृष्टया शिथिल नियंत्रण एवं कर्तव्य दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके परिणामस्वरूप यह घटना घटित हुई। इसी आधार पर उन्हें म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम-1966 के नियम 09(1) के तहत निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जेल मुख्यालय भोपाल रहेगा।
*भागने की फिराक में था कैदी*
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी नीलेश ठाकुर बरेली तहसील के दिमाड़ा गांव का रहने वाला है और हत्या के प्रयास व हत्या (307, 302) के मामले में बंद है। बताया जा रहा है कि जेल में रक्षाबंधन पर स्कूली बच्चों के कार्यक्रम के दौरान वह फलों की टोकरी के बहाने गेट तक पहुंचा और भागने का प्रयास किया। रोकने पर उसने प्रहरी पर दो गोलियां चला दीं। गोली प्रहरी की पीठ में फंसी है, उन्हें गंभीर हालत में भोपाल एम्स रेफर किया गया है।
जेल मुख्यालय ने मामले की जांच के लिए आईजी स्तर के अधिकारी को रायसेन भेजा है। जेल में हथियार कैसे पहुंचा, इसकी जांच सीसीटीवी फुटेज से की जा रही है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए भोपाल केंद्रीय जेल से उप जेल अधीक्षक को तत्काल रायसेन भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

