श्रमयोगी मानधन योजना से जोड़ने के साथ महिलाओं की स्वास्थ्य जांच एवं उद्यम पंजीयन भी होगा
नरसिंहपुर|असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले निवासियों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के अंतर्गत जिले के नगरीय क्षेत्रों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने के साथ महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण, आजीविका उन्नयन एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
शिविरों में मुख्य रूप से राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के समूह सदस्यों के साथ संबंधित वार्डों के अन्य पात्र निवासी, जिनकी आयु 18 से 40 वर्ष है, शामिल होंगे। शिविरों के सफल आयोजन के लिए हितग्राहियों की पर्याप्त उपस्थिति तथा वार्ड प्रभारियों के साथ कॉमन सर्विस सेंटर के सेवा प्रदाताओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिविरों के माध्यम से महिलाओं में गंभीर बीमारियों की रोकथाम एवं समय पर पहचान के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण भी किए जाएंगे। इनमें विशेष रूप से सर्वाइकल कैंसर एवं ब्रेस्ट कैंसर की जांच शामिल होगी। इसके अलावा समूह की महिलाओं की आजीविका को बेहतर बनाने, लखपति दीदी के लक्ष्य की पूर्ति तथा महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उद्यम पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
अपर कलेक्टर अरविंद सिंह द्वारा शहरी क्षेत्रों में कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला स्तर से श्रम पदाधिकारी सुश्री दामिनि सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही जिले के विभिन्न नगरीय निकायों में शिविर आयोजन के लिए दिनांकवार ड्यूटी आदेश जारी किए गए हैं। संबंधित नगरीय निकायों को निर्धारित तिथियों पर वार्डवार शिविर आयोजित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एक सितम्बर को करेली एवं तेंदूखेड़ा में शिविर
श्रमयोगी मानधन योजना के अंतर्गत एक सितम्बर को नगर पालिका परिषद करेली एवं नगर परिषद तेंदूखेड़ा में शिविर आयोजित किए जाएंगे। नगर पालिका परिषद करेली के नेताजी सुभाष चंद्र बोस वार्ड, लोकनायक जयप्रकाश वार्ड एवं निरंजन वार्ड के लिए पुरानी गल्ला मंडी में शिविर लगाया जाएगा। इसी प्रकार नगर परिषद तेंदूखेड़ा के भगत सिंह वार्ड, बाल गंगाधर तिलक वार्ड एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर वार्ड के लिए शासकीय आईटीआई के नवीन कार्यालय में शिविर आयोजित होगा।
