मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की अभियान की तैयारियों की समीक्षा
नरसिंहपुर केसरी |प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। अभियान के माध्यम से सेवा, सुशासन और जनसहभागिता पर केंद्रित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा तथा प्रधानमंत्री श्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और प्रमुख उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का देश के विकास और लोकतंत्र को सशक्त करने में अविस्मरणीय योगदान रहा है। उनके सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी विशेषता सेवा का संस्कार है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाया जाएगा। मध्यप्रदेश में अभियान के दौरान ऐसा मॉडल प्रस्तुत किया जाए, जिसे देशभर में सुशासन, सेवा और जनसहभागिता के उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में देखा जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाए तथा समाज के सभी वर्गों को इससे जोड़ा जाए। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेश में संचालित जन-विश्वास अभियान की गतिविधियों को भी सम्मिलित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों तक शासन की सेवाएं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 17 अक्टूबर को जनप्रतिनिधि और जनसेवक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट करेंगे। इस अवसर पर महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा संकल्प अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जनसेवा और जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाया जाए। अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों की पूर्व तैयारी कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में स्थानीय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष के एनआईसी कक्ष में कलेक्टर रजनी सिंह, जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र सिंह नागेश, अपर कलेक्टर अरविंद सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
