NH-44 पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला की मौत, पति व रिश्तेदार गंभीर, चालक फरार

 


नरसिंहपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-44 पर करेली थाना क्षेत्र स्थित शिफानी ढाबा के समीप शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके पति और रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करेली थाना क्षेत्र के ग्राम मड़ेसुर निवासी लखन पिता निजाम सिंह ठाकुर (53 वर्ष) अपनी पत्नी तुलसाबाई ठाकुर (50 वर्ष) तथा साढ़ू भाई रामेश्वर पिता रज्जू ठाकुर (50 वर्ष), निवासी गोंगावरी के साथ बाइक से ग्राम कचवा में आयोजित गंगाजली कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। शनिवार शाम करीब 7 बजे जैसे ही उनकी बाइक शिफानी ढाबा के समीप पहुंची, तभी पीछे से तेज गति से आ रही अज्ञात कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल करेली के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया।

इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम

करेली अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने तुलसाबाई ठाकुर की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल नरसिंहपुर रेफर कर दिया। हालांकि देर रात उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं लखन ठाकुर और रामेश्वर ठाकुर का उपचार जारी है।

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

महिला की मौत के बाद अस्पताल चौकी पुलिस ने वैधानिक पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया। मामले की मर्ग डायरी जांच के लिए करेली थाना भेजी जा रही है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर फरार वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने