जनपद पंचायत कार्यालय में तालाबंदी के मामले में चार के खिलाफ FIR, शासकीय कामकाज प्रभावित करने का आरोप

 


गाडरवारा। जनपद पंचायत बाबई चीचली कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगाकर अधिकारी-कर्मचारियों के आवागमन में बाधा पहुंचाने और शासकीय कार्य प्रभावित करने के मामले में चीचली पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने कमलेश अहिरवार, अभिषेक परमार, मनीष अहिरवार और रियाज खान को नामजद किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 3(5) और 127(6) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यालय के गेट पर लगाया ताला

प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 अगस्त 2026 को जनपद पंचायत बाबई चीचली कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर कुछ लोग धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान शिकायत के अनुसार कमलेश अहिरवार, अभिषेक परमार, मनीष अहिरवार और रियाज खान सहित अन्य लोगों ने कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। इससे कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों के प्रवेश और निकास में कथित रूप से बाधा उत्पन्न हुई।

चार घंटे तक प्रभावित रहा कामकाज

जनपद पंचायत के कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गुप्ता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि ताला लगाए जाने के कारण कुछ अधिकारी और कर्मचारी दोपहर करीब 1 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यालय के अंदर ही रहे और बाहर नहीं निकल सके। वहीं कार्यालय में आने वाले आम लोगों के शासकीय कार्य भी प्रभावित होने की बात शिकायत में कही गई है।

सीईओ के अनुसार शाम करीब 5 बजे तक शासकीय कार्य में बाधा की स्थिति बनी रही। शिकायत दिए जाने के समय भी कमलेश अहिरवार सहित कुछ अन्य लोगों के मुख्य गेट के पास बैठे होने का उल्लेख किया गया।

सीईओ की शिकायत पर दर्ज हुई FIR

जनपद पंचायत कार्यालय की ओर से पत्र क्रमांक 5276/स्था./ज.पं./2026, दिनांक 18 अगस्त 2026 के माध्यम से थाना प्रभारी को शिकायत भेजकर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायत के आधार पर चीचली पुलिस ने एफआईआर क्रमांक 0272/2026 दर्ज की। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार एफआईआर 18 अगस्त की रात 10:41 बजे दर्ज की गई।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 3(5) और 127(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जनपद पंचायत कार्यालय के कामकाज और अधिकारी-कर्मचारियों के आवागमन से जुड़े इस मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी चर्चा बनी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने