'नर्मदा संवाद' पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित



जबलपुर/मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद् जबलपुर एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में 'नर्मदा संवाद' का जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन जिला पंचायत जबलपुर के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जन अभियान परिषद् भोपाल के निदेशक प्रशासन डॉ. वीरेंद्र व्यास, प्रदेश सलाहकार शिव नारायण पटेल, नर्मदा समग्र के क्षेत्र समन्वयक मनोज जोशी एवं जिला समन्वयक घनश्याम रायपुरिया द्वारा माँ नर्मदा एवं भारत माता के चित्र पर पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए डॉ. व्यास ने नर्मदा नदी की अविरलता व सदा नीर प्रवाह बनाए रखने के लिए जिले में करणीय कार्यों के आधार पर कार्ययोजना पर संवाद किया। प्रदेश सलाहकार श्री पटेल ने नदी के स्‍वच्‍छता व स्‍वास्‍थ्‍य पर प्रकाश डालते हुए तटीय क्षेत्रों में वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के छोटे-छोटे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। क्षेत्र समन्‍वयक श्री जोशी ने नर्मदा पथ, परिक्रमा वासियों और जल ग्रहण क्षेत्रों के बारे में विस्‍तार से चर्चा की।


विषय विशेषज्ञ महेंद्र कौरव ने कहा कि स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने आदर्श घाट की संकल्पना, मृदा कटाव से बचाव, गीले व ठोस अपशिष्ट निपटारे, मिट्टी की मूर्तियों के उपयोग और सघन वृक्षारोपण की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यशाला में जिला समन्वयक श्री घनश्याम रायपुरिया ने माँ नर्मदा की स्वच्छता के लिए परिषद् का साथ देने की अपील की। इस अवसर पर नर्मदा सेवा से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थि‍त थे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने