जबलपुर। शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हनुमानताल थाना क्षेत्र के पंचकुईया इलाके में दिनदहाड़े सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से क्षेत्र में दहशत और लोगों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
पुलिस के अनुसार पंचकुईया निवासी मोहम्मद गुलाम, जो वाहन रिपेयरिंग का कार्य करते हैं, अपनी बुआ के निधन के बाद आयोजित दसवें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार सहित रजा चौक स्थित अपने माता-पिता के घर गए हुए थे। घर पर ताला लगा होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और भीतर प्रवेश कर गए।
चोरों ने घर के अंदर रखी आलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात और नगदी चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब मोहम्मद गुलाम अपने घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर प्रवेश करने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था और आलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। जेवर और नकदी गायब देखकर उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताई।
सूचना मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
