मंत्री उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का सैलाब
गूंजे भारत माता के जयघोष
गाडरवारा|“हर घर तिरंगा अभियान” के अंतर्गत शुक्रवार को गाडरवारा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में राष्ट्रभक्ति का ऐसा उत्साह देखने को मिला कि पूरा गाडरवारा तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने हाथों में तिरंगा थामकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक, गाडरवारा नगर पालिका अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा, मिनेन्द्र डागा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
गाजे-बाजे और देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की धुनों के बीच निकली तिरंगा यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और देशभक्ति के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। तिरंगा यात्रा में उमड़े जनसैलाब ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकता की भावना को अभिव्यक्त किया।
तिरंगा यात्रा पलोटन गंज से प्रारंभ होकर पानी की टंकी, चौकी मोहल्ला, झंडा चौक एवं सराफा बाजार होते हुए पुरानी गल्ला मंडी पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान सड़कें तिरंगों से सजी नजर आईं और हर आयु वर्ग के नागरिकों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह दिखाई दिया।
जाति-धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा गाडरवारा : मंत्री श्री सिंह
मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर गाडरवारा के जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, खिलाड़ियों, नवजवानों, महिलाओं, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने एकजुट होकर शहर को तिरंगामय बना दिया है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, गौरव, एकता और अखंडता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि जाति और धर्म से ऊपर उठकर समाज के सभी वर्गों ने एकजुट होकर तिरंगा यात्रा में सहभागिता की। यह सहभागिता राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक शामिल हुए सभी नागरिकों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन राष्ट्र के प्रति प्रेम और गौरव की भावना को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी में देशभक्ति का संस्कार भी विकसित करते हैं। गाडरवारा की तिरंगा यात्रा ने राष्ट्रप्रेम, एकता, भाईचारे और राष्ट्रीय गौरव का सशक्त संदेश दिया।


.jpeg)
.jpeg)