नर्मदापुरम। नर्मदापुरम के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे मध्य प्रदेश के लोक निर्माण एवं प्रभारी मंत्री राकेश सिंह के आक्रामक रुख से प्रशासनिक अमले से लेकर अवैध खनन में लिप्त माफियाओं में हड़कंप मच गया है। बलराम कृषि महोत्सव और बीजेपी कोर कमेटी की मैराथन बैठक में शामिल होने आए प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि प्रदेश की डॉ. मोहन यादव किसानों के मामले में किसी तरह की लापरवाही और नियमों का उल्लंघन करने वालों को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर बुलडोजर जैसी सख्ती होगी।
जर्जर तवा पुल और अवैध रेत खनन सख्त तेवर
एनजीटी की रोक के बावजूद तवा और नर्मदा नदी के पास जारी अवैध रेत उत्खनन की शिकायत पर मंत्री राकेश सिंह ने कलेक्टर और प्रशासनिक अफसरों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने मौके से ही निर्देश जारी करते हुए कहा कि नदियों का सीना छलनी करने वाला अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। अफसर तुरंत एक्शन मोड में आएं और माफिया पर नकेल कसें। इतना ही नही तवा पुल पर प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से दौड़ते भारी वाहनों और जर्जर पुल की स्थिति पर मंत्री बेहद सख्त नजर आए। उन्होंने दो टूक कहा कि रोड और पुल की क्षति का तत्काल निरीक्षण होगा, नियमों से खिलवाड़ करने वाले भारी वाहनों की एंट्री हर हाल में रोकी जाएगी।
मूंग खरीदी पर बड़ा ऐलान: ‘बिकेगा एक-एक दाना’
किसानों की मूंग खरीदी की चिंता को दूर करते हुए PWD मंत्री ने बड़ा आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसान बिल्कुल न घबराएं, यदि खरीदी की तय तारीख निकल भी जाती है तो सरकार नई तारीख घोषित करेगी और तय समय-सीमा के भीतर हर पात्र किसान का एक-एक दाना मूंग खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश में किसान हितैषी योजनाओं का रोल मॉडल है और यह किसान वर्ष हर किसान की आमदनी और समस्याओं के त्वरित निपटारे के नाम रहेगा।
वहीं खस्ताहाल हरदा-टिमरनी मार्ग की स्थिति पर ठेकेदार को सख्त अल्टीमेटम देते हुए मंत्री ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया अपनी जगह चलती रहेगी, लेकिन सड़क को तुरंत मरम्मत कर चलने लायक बनाया जाए ताकि राहगीरों को राहत मिल सके।
