नरसिंहपुर। करेली थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर कृष्णा ढाबा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम नारगी निवासी आकाश चौधरी (21) बाइक से करकबेल निवासी संजना बैरागी (20) और एक अन्य युवक को नरसिंहपुर से नारगी लेकर जा रहा था। बताया गया कि नारगी के पास बाइक चालक एक चार पहिया वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में बाइक सवार आ गए। हादसे में संजना बैरागी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल शासकीय जिला अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित किया
अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने संजना बैरागी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में बाइक चालक आकाश चौधरी को भी गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, घायल एक अन्य युवक का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
परिजन पहुंचे अस्पताल, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका की मां और अन्य परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे में एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया, जबकि दो घायल जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
