रोटरी क्लब के तत्वावधान में आयोजित “यादों की छाँव” अभियान में शामिल हुए राज्य सभा सांसद विवेक तनखा
नरसिंहपुर केसरी |नरसिंहपुर/रोटरी क्लब ऑफ नरसिंहपुर सिटी के तत्वाधान में आयोजित “यादों की छाँव” वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत रविवार को श्याम सुंदर नारायण मुशरान पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम विभाग के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का उद्देश्य केवल वृक्षारोपण करना नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का भाव विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता हमेशा यह रही है कि लगाए गए पौधे सुरक्षित रहें और सूखने न पाएं। वृक्षारोपण तभी सार्थक माना जाएगा, जब लगाए गए पौधे बड़े वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को छाया, स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर जीवन प्रदान करें।
मंत्री श्री पटेल ने रोटरी क्लब की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने केवल पौधे लगाने तक अपने दायित्व को सीमित नहीं रखा, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का उत्तरदायित्व भी पूरी निष्ठा से निभाया है। यह समाज के लिए अनुकरणीय पहल है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि जनसेवा से बड़ा कोई कार्य नहीं है। उन्होंने रोटरी क्लब द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज की भागीदारी से ऐसे अभियान व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण करते हैं।यादों की छाँव अभियान के माध्यम से पूर्वजों और प्रियजनों की स्मृति में पौधे लगाने का यह प्रयास अत्यंत भावनात्मक और प्रेरणादायी है। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियां भी अपने पूर्वजों की स्मृतियों से जुड़ी रहेंगी।
कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वर्गीय श्री श्याम सुंदर नारायण मुशरान के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल, पूर्व विधायकद्वय संजय शर्मा एवं ज़िला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनीता पटेल, महंत प्रीतम पुरी गोस्वामी, भाजपा ज़िला अध्यक्ष रामसनेही पाठक,राम क़िलेदार, रूद्रेश तिवारी, मयंक मनोहर साहू सहित रोटरी क्लब के पदाधिकारी, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

