नशामुक्त समाज का दिया संदेश
गोटेगांव|एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण केवल सशक्त युवा शक्ति से ही संभव है। इसी संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से गोटेगांव में नशे के विरुद्ध ‘युवा जागरण पदयात्रा’ का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा एवं माय भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित इस जागरूकता पदयात्रा में प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सहभागिता की।
पदयात्रा का शुभारंभ नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम गोटेगांव से हुआ। बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह के साथ इसमें भाग लिया और नशे के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश दिया। पदयात्रा के दौरान युवाओं ने समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने का संकल्प लिया।
मंत्री श्री पटेल ने युवाओं के साथ पदयात्रा में शामिल होकर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं की ऊर्जा और सकारात्मक सोच को राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया।
पदयात्रा का नेतृत्व ‘सहयोग युवा समिति’ के बैनर तले फलित सिंह पटेल ने किया। समिति द्वारा युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के उद्देश्य से यह पहल की गई।
पदयात्रा में शामिल युवाओं ने ‘नशे को ना, जीवन को हां’ का संदेश देते हुए लोगों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए युवाओं को जागरूक कर उन्हें रचनात्मक गतिविधियों, खेल, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना आवश्यक है।
इस अवसर पर युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पदयात्रा ने गोटेगांव क्षेत्र में नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता और युवा सहभागिता का सकारात्मक संदेश दिया।
युवा जागरण पदयात्रा का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ, सकारात्मक और जिम्मेदार जीवन के लिए प्रेरित करना तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरूकता पैदा करना रहा।



