नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल मुलम भैया ने आज ग्राम घाट पिपरिया पहुंचकर पूज्य जगद्गुरु कन्नौज पीठाधीश्वर ब्रह्मलीन स्वामी अतुलेशानंद महाराज जी के चित्र के समक्ष पहुंचकर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विधायक श्री पटेल ने कहा कि गुरुदेव का हमारे जीवन में स्थान केवल गुरु का ही नहीं, बल्कि मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और जीवन को सही दिशा देने वाले प्रकाश-पुंज का रहा है। उन्होंने अपने ज्ञान, संस्कार और आशीर्वाद से असंख्य लोगों के जीवन को नई दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि भले ही आज गुरुदेव का सानिध्य हमारे बीच प्रत्यक्ष रूप से नहीं है, लेकिन उनके विचार, संस्कार और दिखाया गया मार्ग सदैव हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा। गुरु शरीर से दूर हो सकते हैं, लेकिन उनके ज्ञान और आशीर्वाद की ज्योति कभी समाप्त नहीं होती।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने स्वामी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।

