एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत संदूक (सिरसिरी) में हुआ वृहद वृक्षारोपण
स्कूली छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
गाडरवारा|विधानसभा गाडरवारा के विकासखंड साईखेड़ा अंतर्गत ग्राम संदूक (सिरसिरी) में प्रशासन एवं ग्रामीण जनों के सहयोग से एक पेड़ मां के नाम–वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह शामिल हुए। उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा उपस्थित जनसमुदाय से संवाद किया।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शालेय छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय सरपंच एवं ग्रामीणजन शामिल हुए। उपस्थित जनों ने पौधरोपण में सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेंद्र नागेश, जिला पंचायत सदस्य ऋचा स्थापक, सुश्री अंजु शुक्ला, प्रियांक जैन,कीरत सिंह पटेल, दिग्विजय सिंह राजपूत, धर्मपाल सिंह राजपूत एवं श्री गौरीशंकर खेमरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।



