प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह ने खमतरा विद्युत उपकेन्द्र एवं पॉलीटेक्निक महाविद्यालय का किया निरीक्षण



नरसिंहपुर केसरी |मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह ने नरसिंहपुर जिले के भ्रमण के दौरान उच्च दाब उपकेन्द्र 220/132/33 केव्ही खमतरा तथा शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय नरसिंहपुर का शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं एवं कार्यों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।




उच्च दाब उपकेन्द्र का निरीक्षण

प्रमुख सचिव ऊर्जा श्री मनीष सिंह ने उच्च दाब उपकेन्द्र खमतरा का निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति एवं उपकेन्द्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले फील्ड कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में रोजगारमूलक प्रशिक्षण पर जोर

 प्रमुख सचिव ऊर्जा श्री मनीष सिंह ने शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय नरसिंहपुर का निरीक्षण कर यहां संचालित रोजगारमूलक ट्रेडों एवं उनमें उपलब्ध सीटों की जानकारी प्राचार्य से ली। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित विभागीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर रिक्त सीटों को भरने के प्रयास किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को तकनीकी एवं रोजगारमूलक प्रशिक्षण का लाभ मिल सके।

उन्होंने महाविद्यालय परिसर में उपलब्ध खाली भूमि का सदुपयोग करने के निर्देश दिए। श्री सिंह ने कहा कि महिलाओं को कपड़ा निर्माण से संबंधित रोजगारमूलक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए संबंधित कंपनियों से चर्चा कर प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित करने की संभावनाएं तलाशें। इससे महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा जा सकेगा। उन्होंने महाविद्यालय के छात्रावास की व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत  गजेन्द्र सिंह नागेश, अपर कलेक्टर अरविंद सिंह, प्राचार्य शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय नरसिंहपुर, अधीक्षण अभियंता  नीलाभ श्रीवास्तव, कार्यपालन अभियंता विवेक जसेले सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने