कलेक्टर और एसपी ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए निर्देश

 




सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में व्यापक कदम

एनएच 45 पर आवारा मवेशियों के प्रबंधन के लिए एनएचएआई की कार्यवाही

नरसिंहपुर केसरी |सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं जिले में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर  रजनी सिंह की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा की मौजूदगी में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं के साथ-साथ हिट एंड रन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।


      सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जानकारी दी गई कि एनएच- 45 के हीरन नदी से सिंदूर नदी सेक्शन पर आवारा मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एनएचएआई द्वारा नियमित पेट्रोलिंग एवं मवेशी हटाने की कार्रवाई की जा रही है। तेंदूखेड़ा, कुम्होड़ा, सगौनी और नरसिंहपुर सहित चिन्हित क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जा रही है। मवेशियों की रात में दृश्यता बढ़ाने के लिए सींगों पर रिफ्लेक्टिव रेडियम स्टिकर और गले में रेडियम नेक बैंड लगाए जा रहे हैं। दुर्घटना संभावित स्थानों पर यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा स्थानीय प्रशासन और ग्राम पंचायतों के समन्वय से मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।


      बैठक में नेशनल हाईवे एवं स्टेट हाईवे पर बनाए गए अनधिकृत मीडियन कट्स को चिन्हित कर स्थायी रूप से बंद करने तथा आवश्यक स्थानों पर सुरक्षा संबंधी साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि ऐसे अवैध कट्स के कारण वाहन गलत दिशा से मुख्य मार्ग पर न आएं और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।


      नरसिंहपुर नगर क्षेत्र में मुख्य मार्गों पर झुके हुए विद्युत पोल, नीचे लटकते बिजली के तार एवं इंटरनेट केबल को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए। आवश्यकता के अनुसार विद्युत पोल को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाएगी, जिससे ऊंचे वाहनों के फंसने तथा स्पार्किंग एवं आगजनी के खतरे को कम किया जा सके।


      बैठक में दुर्घटना संभावित स्थानों पर रंबल स्ट्रिप एवं स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए गए।साथ ही तीव्र मोड़ों पर पेड़ों की शाखाओं  के कारण दृश्यता कम हो जाती है जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।ऐसी शाखाओं को छाँटने के लिए भी निर्देशित किया गया। सर्विस रोड से मुख्य सड़क मार्ग पर जाने वाले मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाये जाये ताकि तीव्र गति से आने वाली गाड़ी आपस मे ना टकरा सके।


      बैठक में इतवारा बाजार से ब्रांच स्कूल तक मुख्य मार्ग के दोनों ओर लगाए जा रहे फल एवं सब्जी विक्रेताओं को समझाईश देने के लिए सीएमओ को निर्देशित किया गया ताकि यातायात बाधित न हो। बैठक में अक्टूबर 2023 से जुलाई 2026 तक के हिट एंड रन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए मृतकों एवं घायलों के परिजनों को दी गई सूचना, प्रतिकर संबंधी प्रकरणों तथा लंबित मामलों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। बैठक में निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने