विकास कार्यों के अभाव से ग्रामीणों में नाराजगी, कलेक्टर से जांच और लंबित काम पूरे कराने की मांग

 


नरसिंहपुर/गोटेगांव। ग्राम पंचायत सूरवारी के अंतर्गत आने वाले ग्राम विचुआ में विकास कार्यों की धीमी गति और लंबे समय से लंबित निर्माण कार्यों को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर गांव में कराए गए विकास कार्यों की जांच कराने के साथ ही अधूरे और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के श्मशान घाट का लंबे समय से जीर्णोद्धार नहीं कराया गया है। बारिश के मौसम में श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए रास्ते की स्थिति खराब होने से अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इसके अलावा गांव में नाली और सीसी रोड का निर्माण नहीं होने से भी ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। नालियों में कचरा जमा होने के कारण गंदगी और जलभराव की स्थिति बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ ही बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।

ग्रामीणों के मुताबिक, विकास कार्यों को लेकर जब सरपंच और सचिव से चर्चा की जाती है तो कभी फंड उपलब्ध नहीं होने, कभी स्वीकृति नहीं मिलने और कभी तकनीकी या इंटरनेट संबंधी समस्या का हवाला दिया जाता है। इससे ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मामले की जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने तथा श्मशान घाट के जीर्णोद्धार, नाली और सीसी रोड सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने