आरोपी को तत्काल पकड़े जाने पर एसपी का जताया आभार
नरसिंहपुर|नरसिंहपुर जिले के ग्राम गौरतला में 8 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की जघन्य घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। मामले में पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किए जाने के बाद अब विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग तेज हो गई है
इसी क्रम में मुस्लिम समाज जिला नरसिंहपुर की ओर से पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। समाज ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए एसपी का आभार प्रकट किया एवं आरोपी के विरुद्ध न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर कठोरतम सजा दिलाने की मांग की
ज्ञापन में मृत बालिका के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग प्रशासन से की गई। समाज ने कहा कि इतनी जघन्य घटना के बाद पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ हर आवश्यक कदम उठाना चाहिए
मुस्लिम समाज ने मांगों पर शीघ्र एवं उचित कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए कहा कि मासूम के साथ हुई इस दरिंदगी के मामले में न्याय सुनिश्चित होना चाहिए। गौरतलब है कि घटना के बाद क्षेत्र में लोगों ने विरोध प्रदर्शन और कैंडल मार्च के माध्यम से भी अपना आक्रोश व्यक्त किया था
