नरसिंहपुर केसरी |नरसिंहपुर/जिले में आमजन का विश्वास सुदृढ़ करने और अंतिम व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026” के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान 7 अगस्त 2026 से प्रारंभ होकर 8 जनवरी 2027 तक संचालित होगा।
कलेक्टर रजनी सिंह ने इस संबंध में सभी जिला अधिकारियों, अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों, जनपद पंचायत सीईओ, तहसीलदार/नायब तहसीलदार एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने निर्देशित किया है कि अधिकारी सप्ताह के प्रारंभ से ही सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें तथा योजनाओं की प्रगति का नियमित आकलन करें।
अभियान के तहत क्षेत्र भ्रमण के दौरान जनसंवाद के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर समाधान किया जाएगा। साथ ही उद्यम संवाद के जरिए स्थानीय उद्यमियों एवं युवाओं को स्वरोजगार, कौशल उन्नयन एवं योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण, आधार पंजीयन, श्रम योगी मानधन योजना का पंजीयन तथा हितग्राही मूलक योजनाओं के प्रकरण भी तैयार किए जाएंगे।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि जनसंवाद स्थलों पर स्वच्छता गतिविधियां, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी एवं ग्राम विकास योजनाओं की रूपरेखा भी प्रस्तुत की जाए। साथ ही सभी विभागों द्वारा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर समन्वय के साथ कार्य सुनिश्चित किया जाए।
अगस्त माह का कार्यक्रम
अगस्त माह में 7 अगस्त को सालीचौका क्षेत्र, 14 अगस्त को गोटेगांव विकासखंड के बगासपुर से नेगुवा मार्ग तथा 21 अगस्त को केरपानी से हीरापुर मार्ग के ग्रामों में भ्रमण एवं समीक्षा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक शुक्रवार को कलेक्टर के नेतृत्व में जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी निर्धारित क्षेत्रों का अनिवार्य रूप से भ्रमण करेंगे। इस दौरान लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण, योजनाओं की जमीनी स्थिति का मूल्यांकन एवं लोक सेवाओं के समय-सीमा में प्रदाय की समीक्षा की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम सादगी एवं मितव्ययिता के साथ आयोजित किए जाएंगे तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया जाएगा। राज्य स्तर पर भी अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और जिले के प्रदर्शन का साप्ताहिक मूल्यांकन किया जाएगा।
